लातेहार : झारखंड की लातेहार जिला पुलिस ने एक बार फिर नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए टीएसपीसी (TSPC) संगठन के छह कुख्यात नक्सलियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया है। इस अभियान की अगुवाई एसपी कुमार गौरव ने की, जिन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि नक्सली एक बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।
भारी मात्रा में हथियार व गोला-बारूद बरामद
पुलिस ने नक्सलियों के पास से चार अत्याधुनिक राइफल, एक पिस्टल, 1100 से अधिक कारतूस, मोबाइल फोन व सिम कार्ड, नक्सली पर्चे और दस्तावेज बरामद किये हैं। एसपी ने बताया कि ये नक्सली इलाके में सुरक्षा बलों पर हमले और वसूली जैसे हिंसक कृत्यों की योजना बना रहे थे।
गिरफ्तार नक्सली
गिरफ्तार नक्सलियों में बालूमाथ निवासी सबजोनल कमांडर नारायण गंझू उर्फ आदित्य, पांकी निवासी आलोक यादव, लेस्लीगंज निवासी एरिया कमांडर अमित दुबे, चतरा निवासी महेंद्र ठाकुर, चंदवा निवासी संजय उरांव और चतरा निवासी इमरान अंसारी शामिल है। पुलिस ने बताया है कि इन सभी की विभिन्न मामलों में संलिप्तता है।
जंगल में बनाया था ठिकाना, पुलिस ने घेरा
एसपी कुमार गौरव के अनुसार, नक्सली बालूमाथ थाना क्षेत्र के हेसाबार-भांग जंगल में एकत्र थे। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद डीएसपी विनोद रवानी, बालूमाथ थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार समेत कई अधिकारियों के नेतृत्व में सघन छापेमारी अभियान चलाया, जिसमें ये सफलता मिली।
नक्सली गतिविधियों को लगा झटका
एसपी ने कहा कि इन गिरफ्तारियों से टीएसपीसी की कमर टूट गई है। क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर नियंत्रण पाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि अभियान लगातार जारी रहेगा।
अभियान में इन अधिकारियों की रही भूमिका
इस अभियान में डीएसपी विनोद रवानी, बालूमाथ थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार, बरियातू थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार, मनिका थाना प्रभारी शशि कुमार, सब इंस्पेक्टर राजा दिलावर, विक्रांत उपाध्याय, रंजन पासवान, सत्येंद्र कुमार समेत जवानों की अहम भूमिका रही।

