जमुई: बिहार के जमुई जिले से एक प्रेम कहानी ने नया मोड़ ले लिया है, जब ट्यूशन के दौरान एक छात्र को अपने ही शिक्षक की बेटी से प्रेम हो गया और आठ साल के लंबे इंतजार के बाद दोनों ने मंदिर में शादी कर ली। हालांकि, अब यह प्रेम कहानी सामाजिक विरोध और जान से मारने की धमकियों के बीच फंस गई है। प्रेमी जोड़े ने एसपी से मुलाकात कर सुरक्षा की गुहार लगाई है।
2017 में शुरू हुई प्रेम कहानी
पूरा मामला अलीगंज इलाके का है, जहां चाय दुकानदार अनिल राम का बेटा राजीव कुमार वर्ष 2017 में ट्यूशन पढ़ने शिक्षक जितेंद्र कुमार पांडेय के घर जाया करता था। ट्यूशन के दौरान ही उसकी मुलाकात शिक्षक की बेटी गुड़िया से हुई और धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए।
जाति बनी दीवार
राजीव और गुड़िया अलग-अलग जातियों से ताल्लुक रखते हैं, यही वजह रही कि गुड़िया के परिवार वालों ने इस रिश्ते को मानने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद गुड़िया पर कड़ी नजर रखी जाने लगी और उस पर कई तरह की पाबंदियां लगा दी गईं।
किया गया प्रताड़ित, रखा गया नजरबंद
गुड़िया ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि उसके परिवार वालों ने उसे घर में कैद कर लिया था। न तो उसे बाहर जाने दिया जाता था और न ही ठीक से भोजन मिलता था। वहीं, राजीव उसकी पढ़ाई का पूरा खर्च उठा रहा था और हर मोड़ पर उसका साथ दे रहा था।
मंदिर में की शादी, वायरल हुई तस्वीरें
इन तमाम परेशानियों और सामाजिक विरोध के बीच दोनों ने 17 मार्च 2025 को देवघर के एक मंदिर में शादी कर ली। शादी के फोटोज सोशल मीडिया पर वायरल होते ही मामला गर्मा गया।
परिवार से जान का खतरा, एसपी से मांगी सुरक्षा
शादी के बाद गुड़िया और राजीव ने आरोप लगाया है कि उन्हें अब अपने ही परिवार वालों से जान का खतरा है। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर दोनों ने जमुई एसपी से मिलकर सुरक्षा की मांग की है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रेमी जोड़े की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जा रही है। यदि जान का खतरा पाया गया तो उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाएगी।
समाज में फैली चर्चा
यह मामला अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। एक ओर जहां लोग इस प्रेम कहानी को साहसिक बता रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसे सामाजिक मर्यादा के खिलाफ भी मान रहे हैं।

