Jamshedpur : जमशेदपुर के बागबेड़ा में पाइपलाइन खुदाई के दौरान हुई मिट्टी धंसने की घटना की जांच के लिए मंगलवार को एक तीन सदस्यीय टीम घटनास्थल पर पहुंची। इस हादसे में सोमवार को मजदूर कृष्ण बास्के की मौत हो गई थी। उपायुक्त अनन्य मित्तल ने इस गंभीर मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच के लिए तीन अधिकारियों की टीम गठित की है, जिन्हें 48 घंटे के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।
जांच दल में एनइपी निदेशक संतोष गर्ग, जिला योजना पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार, और ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता हमीरा सोरेन शामिल हैं।

जांच टीम ने मौके पर पहुंचकर खुदाई के दौरान हुए हादसे की विस्तृत जानकारी जुटाई। उन्होंने खुदाई के लिए बने गड्ढे की लंबाई, चौड़ाई और गहराई की माप ली और मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों व चश्मदीदों से भी बातचीत की। इनके अलावा जमशेदपुर सीओ मनोज कुमार, बागबेड़ा की जिला पार्षद डॉ. कविता परमार, थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव, दक्षिण बागबेड़ा पंचायत के पूर्व उपमुखिया कुमोद यादव तथा वार्ड सदस्य रूपा देवी, सविता टुडू और मीना आल्डा भी घटनास्थल पर उपस्थित थे।
जांच टीम ने घटना के सभी पहलुओं को गंभीरता से लिया और कहा कि जल्द ही इसकी रिपोर्ट प्रशासन को सौंप दी जाएगी। हादसे से इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
Read also-Jamshedpur Crime : पत्नी के अवैध संबंध से तंग आकर व्यक्ति ने कुएं में लगाई छलांग

