Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुवा थाना क्षेत्र में अंधविश्वास की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बोयकेड़ा पंचायत के बुंडूकोचा वनग्राम में डायन होने के आरोप में 55 वर्षीय वृद्ध महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने के लिए शव को जंगल में ले जाकर खाई में फेंक दिया।
घटना के बाद पुलिस की जांच पड़ताल में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तीन अन्य फरार हैं।मृतका की पहचान बाईबेड़ा गांव निवासी चांदू पुर्ती, पति स्व. विनोद पुर्ती के रूप में हुई है। ग्रामीणों की सूचना पर सोनुवा पुलिस मंगलवार शाम बुंडूकोचा वनग्राम के जंगल पहुंची और खाई से शव बरामद कर लिया। शव मृतका के घर से करीब 200 मीटर दूर जंगल में मिला। वृद्धा की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई थी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोप में पनसुआँ गांव निवासी 26 वर्षीय प्रेमजीत बानरा को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में प्रेमजीत ने हत्या में शामिल तीन अन्य लोगों के नाम बताए हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी की तबीयत खराब थी। वह ठीक नहीं हो रही थी। इसलिए उस पर डायन होने का शक हुआ तो उसकी हत्या कर दी।
पोस्टमार्टम को भेजा गया शव
बताया जा रहा है कि घटना रविवार शाम की है। आरोपियों ने वृद्ध महिला पर डायन होने का आरोप लगाकर उसकी हत्या कर दी और शव को जंगल में फेंक दिया। मंगलवार को दुर्गंध आने पर ग्रामीणों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सोनुवा थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। हत्या के सही कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों ने ग्रामीणों और गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में मामला डायन-प्रथा से जुड़ा लग रहा है।
पुलिस ने लोगों से अंधविश्वास से दूर रहने और ऐसी घटनाओं की सूचना तुरंत देने की अपील की है। डायन-प्रथा प्रतिषेध अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। इलाके में घटना के बाद तनाव का माहौल है।
Read Also: West Singhbhum : पंजाब-हरियाणा से बरामद हुईं दो गुमशुदा बच्चियां, परिजनों को सौंपी गईं

