रांची: अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के निर्देश पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के कार्यकारी अध्यक्ष बन्धु तिर्की और अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन मंजूर अंसारी के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को ईटकी प्रखंड के कुंदी मैदान में ‘जय हिंद सभा’ का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारतीय सेना के सम्मान और उनके बलिदान को नमन करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि कांग्रेस सांसद व अखिल भारतीय कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि सेना के बलिदानों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव देश और सेना के साथ खड़ी रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब राहुल गांधी पहलगाम जाकर शहीदों के परिजनों से मिलते हैं, तब प्रधानमंत्री जनसभा करते हैं। उन्होंने कहा, सेना के नाम पर राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण है, कांग्रेस ऐसा कभी नहीं करती।
के. राजू ने कहा कि भारतीय सेना का हर अभियान गौरवशाली रहा है और कांग्रेस ने हमेशा लोकतंत्र और सैनिकों को मजबूती दी है। उन्होंने राज्य में पंचायत और वार्ड स्तर तक संगठन के विस्तार की बात कही। प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास देश निर्माण से जुड़ा रहा है। उन्होंने जय जवान-जय किसान के नारे की याद दिलाते हुए कहा कि दोनों ही राष्ट्र के स्तंभ हैं। मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने अपने क्षेत्र में इस कार्यक्रम के आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की और कांग्रेस की देश के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई। जीनल एन गाला ने ऑपरेशन सिन्दूर की सफलता को देश के लिए गर्व का क्षण बताया।
इनकी रही मौजूदगी
इस अवसर पर एआईसीसी के झारखंड प्रभारी के राजू, सह प्रभारी जीनल एन गाला, झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और कांके विधायक सुरेश बैठा भी उपस्थित थे। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता की बड़ी भागीदारी रही। संचालन प्रदेश महासचिव आलोक कुमार दुबे ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अख्तर अली ने किया।

