रांची : झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने 12वीं कक्षा की आर्ट्स स्ट्रीम का रिजल्ट जारी कर दिया है। रिजल्ट की घोषणा राजधानी रांची के ज्ञानदीप परिसर, बरगवां, नामकुम स्थित कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से की गई। इस दौरान JAC अध्यक्ष समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
छात्र-छात्राएं अपना रिजल्ट jacresults.com, jac.jharkhand.gov.in, और results.digilocker.gov.in पर जाकर चेक कर सकते हैं। इसके लिए रोल नंबर और रोल कोड की आवश्यकता होगी।
झारखंड बोर्ड 12वीं आर्ट्स स्ट्रीम में देव तिवारी ने 481 अंकों के साथ राज्य में टॉप किया है। वह प्लस टू जेके हाई स्कूल, राजमहल के छात्र हैं। दूसरे स्थान पर प्रेरणा कुमारी रही हैं, जिन्होंने 470 अंक हासिल किए। वह प्लस 2 हाई स्कूल पदमा, हजारीबाग की छात्रा हैं। तीसरे स्थान पर सूरज कुमार दास और कुमारी रीतिंबरा संयुक्त रूप से रहे, दोनों ने 466 अंक प्राप्त किए। सूरज राजमहल के प्लस 2 हाई स्कूल के छात्र हैं, जबकि रीतिंबरा कुन्हारलालो स्कूल की छात्रा हैं।
इस साल 95.62% छात्र सफल
इस वर्ष झारखंड बोर्ड की आर्ट्स स्ट्रीम में कुल 2,27,222 परीक्षार्थी उपस्थित हुए थे, जिनमें से 2,17,271 छात्र सफल रहे।
प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण: 1,07,868 छात्र
द्वितीय श्रेणी में सफल: 1,04,314 छात्र
तृतीय श्रेणी में पास: 5,091 छात्र
कुल पास प्रतिशत: 95.62%
स्ट्रीमवार पास प्रतिशत
कॉमर्स: 91.92%
साइंस: 79.26%
आर्ट्स: 95.62%
इस बार सभी स्ट्रीम्स में आर्ट्स का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा है।

