NEW DELHI: क्राइम ब्रांच की इंटर स्टेट सेल (ISC) ने दिल्ली के राज पार्क इलाके में हुए जानलेवा हमले के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो खूंखार अपराधियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान आकाश उर्फ गौरव उर्फ गोरी (24) और अखिल उर्फ नोनू (24) के रूप में हुई है। दोनों ने 29-30 जून की रात को दो भाइयों सौरव और गौरव पर चाकू और लाठी-डंडों से हमला किया था। घटना के बाद पीड़ित गौरव की शिकायत पर राज पार्क थाने में मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद ISC की टीम ने त्वरित कार्रवाई की। एचसी रविंदर राणा को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर सूर्या एन्क्लेव, रोहिणी में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि उन्होंने अपने तीसरे साथी साहिल उर्फ मोंटी के साथ मिलकर इस हमले की साजिश रची थी। पुरानी रंजिश के चलते दोनों भाइयों पर हमला किया गया। हमले में एक आरोपी ने चाकू का इस्तेमाल किया, जिससे पीड़ितों को गंभीर चोटें आईं। डीसीपी आदित्य गौतम ने बताया कि तीसरे आरोपी साहिल उर्फ मोंटी की तलाश जारी है और क्राइम ब्रांच मामले की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि हमलावर वारदात के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए छिप गए थे, लेकिन तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना से उन्हें पकड़ लिया गया।
READ ALSO: DELHI CRIME: शालीमार बाग में दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 अवैध बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार

