Hazaribag (Jharkhand) : हजारीबाग पुलिस ने एक बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश करते हुए खुद को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) का अधिकारी बताने वाले चार लोगों को गिरफ्तार (Hazaribagh Fake ACB Officers Arrest) किया है। ये आरोपी कटकमसांडी थाना क्षेत्र के डांटो खुर्द गांव में मेडिकल स्टोर संचालकों से अवैध वसूली कर रहे थे।
एडिशनल एसपी अमित कुमार ने गुरुवार को बताया कि ये चारों स्कॉर्पियो से मेडिकल स्टोर पहुंचे थे। उन्होंने फॉर्मल कपड़े पहन रखे थे, गले में नकली पहचान पत्र थे और पैरों में पुलिस के लाल जूते। उनकी स्कॉर्पियो पर ‘एंटी करप्शन ब्यूरो’ का बोर्ड भी लगा हुआ था।
ग्रामीणों की सतर्कता से पकड़े गए
आरोपियों ने प्रत्येक दुकान से लाइसेंस जांच के नाम पर 10,000 रुपये की मांग की। हालांकि, उनकी संदिग्ध हरकतों को देखकर ग्रामीणों को शक हुआ। उन्होंने तुरंत स्कॉर्पियो को रोककर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हजारीबाग के नंदूवीर राम, धनेसर राम, बोकारो के महेश पासवान और चतरा के अयोध्या पासवान के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
पुलिस ने आरोपियों (Hazaribagh Fake ACB Officers Arrest) के पास से स्कॉर्पियो, फर्जी बोर्ड, चार नकली आईडी कार्ड, चार जोड़ी पुलिस जूते, एक मुहर और 2,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

