Jamshedpur (Jharkhand) : उत्क्रमित उच्च विद्यालय, बनकाटी में शनिवार को एक महत्वपूर्ण अभिभावक–शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुरेश बास्के ने की। इसमें विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, प्रबंध समिति के सदस्यों और पंचायत समिति सदस्य जगन्नाथ कालिंदी ने भाग लिया। बैठक के आरंभ में छात्र-छात्राओं ने पुष्प वर्षा और स्वागत गीत प्रस्तुत किए। छात्राओं ने विद्यालय के विकास से जुड़े अपने सुझाव दिए और आवश्यक सुधारों का भी आग्रह किया।
विद्यालय व विद्यार्थियों की समस्याओं पर चर्चा
बैठक में विद्यालय और छात्रों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। नए प्रभारी प्रधानाध्यापक संजय कुमार भकत ने विद्यालय की शैक्षिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए शिक्षकों और अभिभावकों की जिम्मेदारियों पर जोर दिया। वरिष्ठ शिक्षक राजीव चंद्र झा और अश्विनी मंडल ने शिक्षा के इस नए दौर में क्रांतिकारी सोच की आवश्यकता पर बल दिया।
मिलकर काम करने का संकल्प
बैठक में यह सर्वसम्मति से तय किया गया कि विद्यालय परिवार और अभिभावकों के संयुक्त प्रयास से, जो विद्यालय पहले भी राष्ट्रपति पुरस्कार जीत चुका है, वह एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान अर्जित कर सकता है। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन और पूर्व शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन को भी श्रद्धांजलि अर्पित की। शिक्षिका रजनी लकड़ा ने बैठक का संचालन किया।

