Ramgarh (Jharkhand) : झारखंड के रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड में गुरुवार की सुबह एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। हेसापोड़ा पंचायत के अंतर्गत परसाडीह वन क्षेत्र में एक हथिनी अपने छोटे बच्चे के साथ एक अर्धनिर्मित कुएं में गिर गई। जैसे ही वन विभाग को इसकी सूचना मिली, बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा और दोनों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान शुरू कर दिया।

जेसीबी से की जा रही खुदाई
रेस्क्यू दल ने जेसीबी की मदद से कुएं के एक हिस्से की खुदाई शुरू कर दी है, ताकि हाथी और उसके बच्चे को बाहर निकाला जा सके। इस घटना की खबर मिलते ही सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग जमा हो गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए गोला थाना पुलिस की टीम भी मौके पर मौजूद है।
गोला में दूसरी ऐसी घटना
यह पहली बार नहीं है जब गोला वन क्षेत्र में ऐसी घटना हुई है। लगभग 10 साल पहले भी एक हथिनी और उसका बच्चा इसी तरह कुएं में गिर गए थे। हालांकि, उस समय भी वन विभाग और ग्रामीणों के सहयोग से उन्हें 4-5 घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया था और जंगल में वापस भेज दिया गया था।
जानकारी के अनुसार, गोला वन क्षेत्र में इस समय एक दर्जन से अधिक हाथी डेरा डाले हुए हैं, जिनमें से तीन हथिनियों ने हाल ही में बच्चों को जन्म दिया है। वन विभाग और ग्रामीण दोनों ही इस बार भी हाथियों को सुरक्षित बाहर निकालने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।

