Palamu : पलामू जिले में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। हैदरनगर थाना क्षेत्र में राशन दुकान की आड़ में चल रही गांजा तस्करी का खुलासा करते हुए पुलिस ने 3 किलो 270 ग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में राशन दुकानदार को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने सोमवार को बताया कि रविवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम कुकही निवासी गुड्डु कुमार (35) अपनी राशन दुकान में गांजा छिपाकर रखता है और उसकी खरीद-बिक्री करता है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक राजीव रंजन (परि.) के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी दल ने गुड्डु कुमार की राशन दुकान की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान दुकान के अंदर एक प्लास्टिक थैले से 3.270 किलो गांजा बरामद किया गया। मौके पर ही गांजा को जब्त कर सीलबंद किया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
इस छापेमारी अभियान में पुलिस उपाधीक्षक (परि.) राजीव रंजन, अंचल निरीक्षक सह पुलिस निरीक्षक विनोद राम, पुलिस अवर निरीक्षक धनंजय गोप, पुलिस अवर निरीक्षक अमर सिंह समेत हैदरनगर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
इस संबंध में हैदरनगर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
Read Also: Palamu News : पलामू में ज्वेलरी कारोबारी से गैंगस्टर प्रिंस खान ने मांगी एक करोड़ की रंगदारी

