Jamshedpur : भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के 29 दिसंबर को प्रस्तावित जमशेदपुर आगमन को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। राष्ट्रपति का कार्यक्रम करनडीह स्थित दिशोम जाहेरथान में प्रस्तावित है।
राष्ट्रपति के आगमन के मद्देनज़र सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सोनारी एयरपोर्ट से करनडीह के दिशोम जाहेरथान होते हुए परिसदन व इसके बाद खरकई गोलचक्कर तक के मार्ग पर 29 दिसंबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक सभी प्रकार के व्यवसायिक वाहनों, ऑटो रिक्शा एवं बसों के परिचालन पर रोक रहेगी।
यातायात के लिए वैकल्पिक मार्ग तय
जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों की सुविधा के लिए वैकल्पिक रूट निर्धारित किए गए हैं।
- मानगो से सरायकेला, पोटका, चाईबासा जाने वाले वाहन मरीन ड्राइव होते हुए आदित्यपुर-गम्हरिया मार्ग का उपयोग करेंगे।
- पोटका, हाता एवं ओडिशा की ओर से मानगो बस स्टैंड आने वाले वाहन सरायकेला, कांड्रा, गम्हरिया और मरीन ड्राइव से आ सकेंगे।
- स्टेशन की ओर जाने वाले वाहन बर्मामाइन्स गोलचक्कर, टीआरएफ मोड़ एवं स्टार टॉकीज मार्ग का प्रयोग करेंगे।
- आपात स्थिति में सुंदरनगर व करनडीह से साकची आने वाले वाहन एलबीएसएम कॉलेज, घाघीडीह जेल, जुगसलाई होते हुए आ-जा सकेंगे।
- घाटशिला व मुसाबनी जाने वाले वाहन डिमना मार्ग का उपयोग करेंगे।
इसके अलावा, 29 दिसंबर को सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक शहर में सभी प्रकार के मालवाहक वाहनों (ट्रक, ट्रेलर, डंपर) के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को पुलिस नियंत्रण में ही अनुमति दी जाएगी।
प्रशासनिक ब्रीफिंग में दिए गए सख्त निर्देश
डीसी कर्ण सत्यार्थी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय की संयुक्त अध्यक्षता में जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में दण्डाधिकारी एवं पुलिस बल की ब्रीफिंग आयोजित की गई। उपायुक्त ने साफ कहा कि राष्ट्रपति का कार्यक्रम उच्चतम प्रोटोकॉल से जुड़ा है, इसमें किसी भी स्तर पर चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था, रूट लाइन क्लियरेंस, एंटी-सबोटाज जांच, सीसीटीवी निगरानी, ट्रैफिक प्रबंधन एवं आपातकालीन तैयारियों को लेकर सख्त निर्देश दिए। साथ ही आम नागरिकों को न्यूनतम असुविधा हो, इसके लिए मीडिया के माध्यम से यातायात संबंधी जानकारी साझा करने को कहा गया।
Also Read: Jamshedpur TATA Open 2025: फाइनल राउंड से पहले शुभम जगलान और युवराज संधू में कांटे की टक्कर

