
Jamshedpur : शहर में हाल के दिनों में हुई बैंक डकैती, फायरिंग, चोरी और छिनतई की घटनाओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी, जमशेदपुर महानगर ने चिंता जताई है। पार्टी ने जिला प्रशासन और पुलिस से शहर में नागरिकों, व्यापारियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
भाजपा जमशेदपुर महानगर की ओर से इस संबंध में प्रशासन को दिए गए पत्र में कहा गया है कि गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों द्वारा डकैती और मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के पास फायरिंग की घटनाओं ने शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता पैदा की है। पार्टी ने कहा कि बैंक डकैती के बाद गोलमुरी इलाके में बैंक से कुछ ही दूरी पर चोरी और अन्य क्षेत्रों में घरों से जेवरात व नकदी चोरी की घटनाएं भी सामने आई हैं। भाजपा ने शहर में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर भी प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। पार्टी का कहना है कि नशीले पदार्थों की सप्लाई से जुड़े पूरे नेटवर्क, आपूर्ति तंत्र और इसके पीछे सक्रिय लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई जरूरी है, ताकि युवाओं को इसके दुष्प्रभाव से बचाया जा सके। पत्र में राह चलते महिलाओं से चेन और पर्स छिनतई, मोबाइल छिनतई तथा घरों में चोरी की घटनाओं का भी उल्लेख किया गया है। भाजपा ने कहा कि लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
बाजारों में बढ़ाई जाए पुलिस गश्त
पार्टी ने मांग की है कि मानगो, गोलमुरी, सिदगोड़ा, बिष्टुपुर, साकची समेत संवेदनशील बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में शाम से देर रात तक पुलिस गश्त और पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए। संवेदनशील चौक-चौराहों तथा आपराधिक घटनाओं वाले स्थानों पर CCTV कैमरों की व्यवस्था की समीक्षा कर उन्हें दुरुस्त और प्रभावी बनाने की भी मांग की गई है। भाजपा ने व्यापारियों और आम नागरिकों के लिए त्वरित पुलिस सहायता व्यवस्था को मजबूत और सुगम बनाने तथा स्थानीय व्यापारिक संगठनों के साथ समन्वय कर बाजारों की सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा करने की मांग रखी है।
कानून सम्मत व्यवहार करे पुलिस
पार्टी ने यह भी कहा कि कानून और यातायात नियमों का पालन कराने के दौरान पुलिस और प्रशासनिक कर्मियों को आम नागरिकों के साथ संवेदनशील, सम्मानजनक और कानूनसम्मत व्यवहार सुनिश्चित करना चाहिए। भाजपा जमशेदपुर महानगर ने कहा कि लौहनगरी की जनता भयमुक्त और सुरक्षित माहौल में अपना दैनिक जीवन और कारोबार संचालित करना चाहती है। पार्टी ने प्रशासन से सुरक्षा संबंधी मांगों पर गंभीरता से संज्ञान लेकर प्रभावी कार्रवाई की अपील की है।

