धनबाद/रांची : झारखंड के कोयलांचल क्षेत्र में दहशत का पर्याय बन चुके कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में प्रिंस खान न केवल अत्याधुनिक हथियारों का प्रदर्शन करता नजर आ रहा है, बल्कि उसने खुलेआम कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए वासेपुर के पुराने डॉन फहीम खान के परिवार को खत्म करने की धमकी भी दी है। इस वीडियो के सामने आने के बाद कोयलांचल समेत पूरे राज्य में सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। हालांकि THE PHOTON NEWS इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
वायरल वीडियो में हथियारों का प्रदर्शन और आक्रामक तेवर
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में प्रिंस खान अपने कई हथियारबंद सहयोगियों के साथ दिखाई दे रहा है। सभी के हाथों में आधुनिक और घातक हथियार नजर आ रहे हैं। वीडियो में प्रिंस खान के तेवर बेहद उग्र और आक्रामक हैं।
वह साफ शब्दों में यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि “कानून के हाथ इतने लंबे नहीं हैं कि वह हम तक पहुंच सके।” इस बयान को झारखंड पुलिस और जांच एजेंसियों के लिए सीधी चुनौती के तौर पर देखा जा रहा है।
फहीम खान के परिवार को धमकी
वीडियो में प्रिंस खान ने अपने पुराने प्रतिद्वंद्वी फहीम खान के परिवार को लेकर बेहद गंभीर और भड़काऊ बयान दिया है। उसने चेतावनी देते हुए कहा कि इस बार “नरसंहार होगा”। इतना ही नहीं, उसने यह भी दावा किया कि अगर कानून उसे पकड़ने की कोशिश करेगा तो वह खुद को गोली मार लेगा। इस तरह के बयान से न केवल क्षेत्र में भय का माहौल बना है, बल्कि कानून-व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
वासेपुर में वर्षों से जारी वर्चस्व की लड़ाई
गौरतलब है कि वासेपुर क्षेत्र में आपराधिक समूहों के बीच वर्चस्व की लड़ाई लंबे समय से चली आ रही है। प्रिंस खान और फहीम खान गुट के बीच आपराधिक टकराव का इतिहास पुराना है। बीते वर्षों में इस संघर्ष के चलते कई हिंसक घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि पुलिस या प्रशासन की ओर से अब तक नहीं की गई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां इसे गंभीरता से लेते हुए जांच में जुट गई हैं।
प्रिंस खान के नेटवर्क पर धनबाद पुलिस का शिकंजा
फरार चल रहे गैंगस्टर प्रिंस खान के संगठित आपराधिक नेटवर्क को तोड़ने के लिए धनबाद पुलिस लगातार अभियान चला रही है। हाल ही में पुलिस ने वासेपुर के पांडरपाला, शमशेर नगर, रहमतगंज, आरामोड़, नबीनगर, कबड्डीपट्टी, नया बाजार और निषाद नगर समेत करीब 30 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी। इस कार्रवाई में प्रिंस खान के कथित जमीन कारोबार, फंडिंग नेटवर्क और हथियार सप्लाई चैनल से जुड़े लोगों पर सख्त कदम उठाए गए थे।
12 जनवरी को 12 ठिकानों पर सघन तलाशी अभियान
इसके कुछ ही दिनों बाद, 12 जनवरी को धनबाद पुलिस ने वासेपुर–भूली क्षेत्र के मिल्लत कॉलोनी, करीमगंज, माहरुफगंज, पांडरपाला और अमन सोसाइटी सहित कुल 12 संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर सघन तलाशी अभियान चलाया। पुलिस का कहना है कि प्रिंस खान के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
वायरल वीडियो के बाद वासेपुर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। पुलिस और खुफिया विभाग हालात पर नजर बनाए हुए हैं और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है।
Read Also- Jamshedpur Fire : पोटका में आम के बाग को अराजक तत्वों ने लगाई आग, सारे पेड़-पौधे जला डाले

