Jamshedpur : झारखंड में जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में डीजे बजाने को लेकर दो बस्तियों के लोगों में हिंसक झड़प हो गई। बुधवार देर रात एरोड्रम चौक के पास सरस्वती पूजा विसर्जन जुलूस में यह बवाल हुआ। संबलपुरिया बस्ती और तरुण बाल संघ के लोगों के बीच गाना बजाने को लेकर कहा-सुनी हुई, जिसने कुछ ही देर में उग्र रूप ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जुलूस के दौरान डीजे की आवाज कम-ज्यादा करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हुई। आरोप-प्रत्यारोप और धक्का-मुक्की के बाद हालात बेकाबू हो गए और दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। अचानक हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
पथराव में तीन लोग घायल हो गए। घायलों में जयंतो नामक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार गंभीर रूप से घायल लोगों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही सोनारी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर शांति व्यवस्था बहाल की गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस ने फौरन कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही, पथराव में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। थाना प्रभारी ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

