
चाईबासा : झारखंड में पश्चिमी सिंहभूम जिले के तांतनगर थाना क्षेत्र के रायकोला गांव में बकरी चोरी के शक में ग्रामीणों ने एक संदिग्ध युवक को पकड़कर हाईमास्ट लाइट के पोल से बांध दिया। घटना गुरुवार को रात करीब 12 बजे की है।
मिली जानकारी के अनुसार, रायकोला गांव में पिछले कुछ दिनों से लगातार बकरी चोरी की घटनाएं हो रही हैं, जिससे ग्रामीण परेशान हैं। चोरी रोकने के लिए ग्रामीण रात में जागकर पहरा दे रहे हैं। इसी दौरान रात करीब 12 बजे रायकोला चौक पर सड़क निर्माण कार्य में लगी ठेकेदार की जेसीबी में एक अज्ञात व्यक्ति बैठा हुआ नजर आया।
ग्रामीणों ने उसे देखकर रोक लिया और पूछताछ शुरू की। पूछताछ में वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिससे ग्रामीणों का शक और गहरा हो गया। इसके बाद ग्रामीणों ने उसकी तलाशी ली तो उसकी जेब से दो बाइकों की चाबियां बरामद हुईं। चाबियां मिलने के बाद ग्रामीणों को लगा कि वह बकरी चोरी की नीयत से गांव में घूम रहा है।
गुस्साए ग्रामीणों ने उसे हाईमास्ट लाइट के पोल से बांध दिया और रात भर वहीं बंधे रहने दिया। सुबह इसकी सूचना गांव के मुंडा मांझी कुंकल ने तांतनगर थाना को दी। सूचना मिलते ही एएसआई रामशंकर गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों के चंगुल से युवक को मुक्त कराया और पूछताछ के लिए थाना ले गई।
पुलिस मामले की जांच कर रही है कि युवक वास्तव में बकरी चोरी में शामिल है या नहीं। फिलहाल ग्रामीणों में बकरी चोरी की घटनाओं को लेकर आक्रोश है और वे रात में पहरेदारी कर रहे हैं।

