RANCHI: रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला सलाहकार समिति (PC & PNDT) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अल्ट्रासाउंड सेंटर के निबंधन, नवीकरण सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। इस दौरान समिति ने अल्ट्रासाउंड सेंटर के निबंधन, रिन्यूअल, मशीन के फार्म बी में प्रविष्टि, चिकित्सकों की ज्वाइनिंग और यूएसजी मशीन की खरीद से संबंधित प्राप्त आवेदनों पर विचार-विमर्श किया गया। समिति ने विचारोपरांत 12 अल्ट्रासाउंड सेंटर के नए निबंधन और 8 सेंटर के रिन्युअल को स्वीकृति प्रदान की। इसके अलावा संस्थानों में मशीन के फार्म बी में प्रविष्टि और आवश्यक दस्तावेजों की जांच के उपरांत चिकित्सकों की ज्वाइनिंग को भी अनुमोदन दिया गया।
नए डॉक्टरों की ज्वाइनिंग पर सहमति
यूएसजी मशीन के स्थानांतरण से संबंधित 4 आवेदन, क्लीनिक और अस्पतालों में नए डॉक्टरों की ज्वाइनिंग को लेकर 13 आवेदन, यूएसजी मशीन खरीद के लिए 11 आवेदन तथा फार्म बी में प्रविष्टि हेतु 13 आवेदनों पर सहमति प्रदान की गई। वहीं एक मशीन को डिस्मेंटल करने के लिए एक लाइसेंस भी जमा किया गया। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने अल्ट्रासाउंड सेंटरों के नियमित निरीक्षण पर जोर देते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले केंद्रों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार, जिला जन संपर्क पदाधिकारी उर्वशी पाण्डेय, समिति के सदस्य, लीगल सेल प्रतिनिधि सहित PC & PNDT को-ऑर्डिनेटर राकेश कुमार राय उपस्थित थे।

