जमशेदपुर : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ओर से आयोजित केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी)-2026 अब दो चरणों में कराई जाएगी। बोर्ड ने परीक्षा की नई तिथियां जारी करते हुए बताया कि सीटीईटी का आयोजन सात और आठ फरवरी को किया जाएगा। इससे पहले यह परीक्षा केवल आठ फरवरी को आयोजित की जानी थी।

सीबीएसई के अनुसार, इस वर्ष सीटीईटी के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की संख्या काफी अधिक है। इसी को ध्यान में रखते हुए परीक्षा को दो दिनों में आयोजित कराने का निर्णय लिया गया है, ताकि परीक्षा व्यवस्था को सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके। सीटीईटी परीक्षा की अवधि दो घंटे 30 मिनट निर्धारित की गई है। यह परीक्षा देशभर के 140 शहरों में बनाए गए विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को उनके प्रवेश पत्र में परीक्षा तिथि, समय और केंद्र से संबंधित विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
सीटीईटी अभ्यर्थियों को एक घंटे पहले केंद्र पहुंचने की सलाह
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने सीटीईटी परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। बोर्ड ने सलाह दी है कि उम्मीदवार परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटे पहले अपने निर्धारित परीक्षा केंद्र पर पहुंचें, ताकि प्रवेश प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके। अभ्यर्थियों के लिए एडमिट कार्ड और मूल पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। सीबीएसई ने यह भी कहा है कि उम्मीदवार अपने एडमिट कार्ड पर अंकित परीक्षा तिथि, परीक्षा शहर और केंद्र की जानकारी पहले ही अच्छी तरह जांच लें। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा शहर, केंद्र या तिथि में किसी भी प्रकार के बदलाव के अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा।
जमशेदपुर में परीक्षा की तैयारी जोरों पर
केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा में जमशेदपुर के करीब 6 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसके लिए पांच केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा रांची, धनबाद, बोकारो, हजारीबाग आदि शहरों में भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है।

