RANCHI: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी शादी की 22वीं सालगिरह कुछ अलग तरीके से मनाई। मुख्यमंत्री पत्नी कल्पना सोरेन के साथ सिद्धपीठ मां छिन्नमस्तिका मंदिर पहुंचे और विधिवत् पूजा-अर्चना कर माता रानी से आशीर्वाद लिया। साथ ही समस्त राज्यवासियों की सुख, समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की कामना की। मुख्यमंत्री ने नारियल फोड़कर रक्षा सूत्र बंधवाया और शीश झुकाकर मां छिन्नमस्तिका से आशीर्वाद मांगा। मौके पर पुरोहितों ने परंपरा के अनुसार पूरे विधि-विधान से पूजा सम्पन्न कराई।

इस दौरान रजरप्पा मंदिर न्यास समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन को प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। इससे पहले रजरप्पा पहुंचने पर डीसी फैज अक अहमद मुमताज और एसपी अजय कुमार ने मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी का स्वागत किया। साथ ही उन्हें गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पूजा अर्चना के बाद मंदिर के बाहर अपने समर्थकों से भी मुलाकात की।

