Gumla: गुमला जिले के बिशुनपुर थाना क्षेत्र के करमटोली गांव के पास बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। मैट्रिक की परीक्षा देकर घर लौट रहे छात्रों की तेज रफ्तार बाइक पुलिया के पास एक पिलर से टकरा गई।

पोस्टमार्टम को भेजे गए दोनों छात्रों के शव
इस सड़क हादसे में मौके पर ही दो छात्रों की मौत हो गई है। जबकि, दो छात्र घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों छात्रों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
एक ही बाइक से घर लौट रहे थे चारों लोग
इस घटना से करम टोली गांव में शोक की लहर है। बताते हैं कि अंकुरीढाढ टोली का रहने वाला अमित बरुआ, संदरी गांव का रहने वाला रोशन टोप्पो, हरा टोली का रहने वाला नवनीत उरांव और आसिम लकड़ा मैट्रिक की परीक्षा देकर अपने-अपने परीक्षा केंद्र से निकले और चारों एक ही बाइक से घर लौट रहे थे।
बताते हैं कि बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। बाइक करम टोली गांव के आगे एक मोड़ पर अनियंत्रित हो गई और सामने बने पुल के पिलर से टकरा गई इस सड़क हादसे में अमित बरुआ और नवनीत उरांव की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि रोशन टोप्पो और असीम लकड़ा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सभी को तत्काल बिशुनपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां अमित बरुआ और नवनीत उरांव की मृत्यु की पुष्टि डॉक्टर ने कर दी।

