Palamu: पलामू जिले में एक ससुराल वालों ने अपनी बहू की बेरहमी से हत्या कर दी है। हत्या की इस घटना को अंजाम देने के बाद सबूत मिटाने के लिए शव को जंगल में ले जाकर जला दिया गया। यह सनसनीखेज घटना पांडू थाना क्षेत्र के डाला कला गांव की है। यहां से पुलिस ने मृतका के जले हुए अवशेष बरामद कर लिए हैं। उधर, आरोपी ससुराल पक्ष के लोग फरार हो गए हैं। घर में ताला लटका हुआ है।
घटना शुक्रवार को अंजाम दी गई थी। घटना को अंजाम देने के बाद ससुराल पक्ष के सभी आरोपी फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने फौरन कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
पलामू पुलिस को सूचना मिली थी कि डाला कला गांव में सितारा देवी नामक महिला की हत्या कर दी गई है। हत्या करने के बाद शव को फांसी पर लटका दिया गया है। इस सूचना के आधार पर पांडू थाना प्रभारी विगेश कुमार राय मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
तहकीकात के दौरान पुलिस को चौंकाने वाले तथ्य नजर आए। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पुलिस डाला के जंगल तक पहुंची। यहां मृतका के जले हुए अवशेष, हड्डियां और अन्य साक्ष्य बरामद किए गए। शुरुआती जांच में पता चला है कि हत्या के बाद शव को जला दिया गया था। ताकि पहचान और सबूत मिटाए जा सकें। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम मजिस्ट्रेट के साथ जंगल में दाखिल हुई थी।
अवशेषों की जांच के लिए बुलाई गई एफएसएल की टीम
पांडू थाना प्रभारी विगेश कुमार राय ने बताया कि अवशेषों की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम को बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या कर शव जलाने का लगता है। ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।
पुलिस ने किया जल्द खुलासा करने का दवा
मृतका सितारा देवी सोनभद्र जिले की निवासी थीं। उनकी शादी पिछले साल मई में डालाकला गांव के रहने वाले मुकेश भुइयां से हुई थी। शादी के कुछ ही महीनों बाद इस जघन्य वारदात की वजह से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का पूरा खुलासा कर दिया जाएगा।
Read Also: JHARKHAND NEWS: मुख्यमंत्री ने वन विभाग के अधिकारियों के साथ की बैठक, हाथियों के हमले पर बोले…

