Jamshedpur : झारखंड स्टेट बार काउंसिल का चुनाव 12 मार्च को होना निर्धारित है। मंगलवार को नाम वापसी की प्रक्रिया समाप्त हो गई, लेकिन किसी भी प्रत्याशी ने अपना नाम वापस नहीं लिया। इस तरह अब कुल 100 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इनमें जमशेदपुर जिला बार संघ के 12 प्रत्याशी शामिल हैं। इनमें नौ पुरुष और तीन महिला अधिवक्ता चुनाव लड़ रही हैं।

चुने जाएंगे झारखंड स्टेट बार काउंसिल के 25 सदस्य
गौरतलब है कि स्टेट बर काउंसिल के 25 सदस्य इस चुनाव के जरिए चुने जाएंगे। इनमें 18 पुरुष सदस्य होंगे। पांच महिला सदस्य चुनी जाएंगी। जबकि, चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद दो महिला सदस्यों को मनोनीत किया जाएगा। 25 सदस्यों की कार्यकारिणी गठित होने के बाद यह सदस्य अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव करेंगे।
चुनाव प्रचार अभियान तेज
चुनाव को लेकर प्रचार-प्रसार अभियान तेज हो गया है और विभिन्न बार संघों में लगातार बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इसी सिलसिले से झारखंड स्टेट बार काउंसिल के वर्तमान वाइस चेयरमैन राजेश कुमार शुक्ला ने जमशेदपुर कमर्शियल टैक्स बार संघ के अधिवक्ताओं से मिले। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ अधिवक्ता एवं कमर्शियल टैक्स बार के सह-अध्यक्ष खजांची लाल मित्तल, पूर्व उपाध्यक्ष सतीश सिंह, अधिवक्ता सत्यनारायण सिंह सहित कई अधिवक्ताओं के साथ बैठक कर चुनाव से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक में अधिवक्ताओं के कल्याण, एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट, ट्रस्टी कमेटी और पेंशन कमेटी के लाभ जैसे विषयों पर गंभीर मंथन हुआ। साथ ही भविष्य में अधिवक्ताओं के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक कदमों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
अधिवक्ताओं से चुनाव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील
इस मौके पर अधिवक्ता अक्षय कुमार झा, जो जिला बार संघ जमशेदपुर के पूर्व कार्यकारिणी सदस्य रह चुके हैं, तथा अधिवक्ता मिथिलेश सिंह ने सभी अधिवक्ताओं से आगामी चुनाव में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि सक्रिय भागीदारी से ही अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा और उनके कल्याण से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सकेगा।

