Jamshedpur : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में एक्सएलआरआई के छात्र ने आत्महत्या कर ली है। क्रॉस रोड नंबर 29, केएल-फोर 2/5 के रहने वाले वीरेंद्र कुमार सिंह के 20 वर्षीय पुत्र आर्यन राज ने जहरीला पदार्थ खा लिया और उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। आर्यन शहर के प्रतिष्ठित संस्थान एक्सएलआरआई – जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट में प्रथम वर्ष का छात्र था।
परिजनों ने बताया कि 25 फरवरी की देर रात आर्यन ने कथित तौर पर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। तबीयत अचानक बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के समय घर में केवल आर्यन और उसके पिता मौजूद थे। उसकी मां उस समय बेंगलुरु में अपनी बेटी के पास गई हुई थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
टेल्को के थाना प्रभारी प्रभात कुमार सिंह ने बताया कि छात्र के कमरे से सल्फास की गोलियां बरामद की गई हैं। मृतक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है और फॉरेंसिक जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। इससे मामला अभी रहस्यमय बना हुआ है।
बताया गया है कि आर्यन ने अपनी स्कूली शिक्षा टेल्को चिन्मया विद्यालय से पूरी की थी। आशंका जताई जा रही है कि पढ़ाई के तनाव के चलते छात्र ने यह कदम उठाया होगा।
मृतक के पिता टाटा मोटर्स के पूर्व कर्मचारी हैं। वह इस घटना से गहरे सदमे में हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

