Jamshedpur : गोलमुरी थाना क्षेत्र के गाढ़ाबासा स्थित मदन चक्की के समीप रविवार रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान फ्रांसिस बाकची उर्फ सोनू के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार फ्रांसिस बाकची गाढ़ाबासा में स्वर्गीय कामेश्वर झा के मकान में किराये पर रह रहा था। परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक उसकी शादी परसुडीह के करनडीह क्षेत्र की एक युवती से होने वाली थी और विवाह की तैयारियां भी चल रही थीं। बताया जा रहा है कि इससे पहले वह एक वैवाहिक संबंध में रह चुका था, जो बाद में समाप्त हो गया था।
परिजनों ने बताया कि फ्रांसिस पिछले कुछ महीनों से आर्थिक तंगी, पारिवारिक जिम्मेदारियों और आगामी शादी के खर्चों को लेकर मानसिक तनाव में था। आर्थिक व्यवस्था के लिए उसने अपनी मारुति डिजायर कार बेचने का फैसला किया था और हाल ही में करीब दो लाख रुपये में वाहन बेच दिया था। वह पहले एयरबेस लॉजिस्टिक्स में कार्यरत था तथा वर्तमान में गम्हरिया स्थित बीएमडब्ल्यू आईएसएल के यार्ड में काम कर रहा था।
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक अपने पीछे एक भाई और एक बहन को छोड़ गया है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस को मामले से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराई हैं।
गोलमुरी थाना प्रभारी संजय सुमन ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।

