Home » Jamshedpur Education News: जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर वैज्ञानिक चेतना और सांस्कृतिक सौहार्द का संगम

Jamshedpur Education News: जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर वैज्ञानिक चेतना और सांस्कृतिक सौहार्द का संगम

by Mujtaba Haider Rizvi
Jamshedpur Workers College National Science Day Celebration 2026
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : जमशेदपुर स्थित जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर शनिवार को एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. राजीव कुमार एवं आमंत्रित अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य डॉ. राजीव कुमार ने मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण समाज के समग्र विकास की आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुसंधान, नवाचार और तार्किक सोच को अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि, ग्रेजुएट कॉलेज की पूर्व प्राचार्य डॉ. धंजल ने अपने संबोधन में विज्ञान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विज्ञान तर्क, परीक्षण और प्रमाण पर आधारित जीवन-पद्धति है, जो समाज को प्रगति की दिशा दिखाती है।

भौतिकी के प्रोफेसर डॉ. संजय कुमार गोराई ने “विज्ञान जगत में नारीशक्ति का योगदान” विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत किया, जिसमें उन्होंने महिला वैज्ञानिकों की ऐतिहासिक एवं समकालीन उपलब्धियों को रेखांकित किया। वहीं भौतिकी विभाग की प्राध्यापिका डॉ. विद्याराज डीजे ने भी महिला वैज्ञानिकों के योगदान पर विस्तार से चर्चा करते हुए राष्ट्रीय विज्ञान दिवस की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और उसकी प्रासंगिकता को स्पष्ट किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा विज्ञान आधारित कई वर्किंग मॉडल और आकर्षक पोस्टरों की प्रदर्शनी लगाई गई। इनमें ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण तथा वैज्ञानिक सिद्धांतों के व्यावहारिक अनुप्रयोग को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। इन प्रस्तुतियों के मूल्यांकन के लिए निर्णायक की भूमिका रसायन विज्ञान की प्रोफेसर डॉ. सुमन कुमारी एवं डॉ. विद्याराज डीजे ने निभाई और विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।

कार्यक्रम का संचालन आईक्यूएसी समन्वयक प्रो. कुमारी प्रियंका ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन वनस्पति विज्ञान की प्रोफेसर डॉ. पुष्पा सालो लिंडा ने प्रस्तुत किया। उन्होंने अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के कई सेवानिवृत्त पूर्व प्राध्यापक भी उपस्थित रहे, जिनकी गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई।

कार्यक्रम के उपरांत महाविद्यालय परिसर में होली मिलन समारोह का भी आयोजन किया गया। इस दौरान प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द व सामूहिकता का संदेश दिया। सभी ने सुस्वादु व्यंजनों के साथ उत्सव को हर्षोल्लास के साथ मनाया।

इस प्रकार जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का आयोजन वैज्ञानिक चेतना के साथ-साथ सांस्कृतिक एकता को भी सशक्त करते हुए सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Read Also: Jamshedpur News : बिरसानगर में मिला नवजात शिशु का शव, FIR दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

Related Articles

Leave a Comment