Jamshedpur : आगामी होली पर्व को देखते हुए सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देश पर अवैध मदिरा के विनिर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ सघन कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गठित छापेमारी दल ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध विदेशी शराब के निर्माण केंद्र का खुलासा किया है।
छापेमारी एमजीएम थाना क्षेत्र में अवध डेंटल कॉलेज से सटे एक ऊंची चहारदीवारी वाले मकान परिसर में की गई। यह मकान राजेश कुमार शर्मा का बताया जा रहा है, जहां अवैध रूप से विदेशी शराब का निर्माण और बोतलबंदी की जा रही थी।
कार्रवाई के दौरान मौके से शराब बनाने और पैकिंग में प्रयुक्त होने वाली सभी सामग्री बरामद की गई है। इसमें स्पिरिट, तैयार रंगीन तरल शराब, विभिन्न नामी ब्रांडों की भारी संख्या में खाली बोतलें, ढक्कन, कॉर्क, बोतलों पर चिपकाए जाने वाले अलग-अलग ब्रांड के लेबल, नकली उत्पाद आसंजक, शराब में रंग और फ्लेवर मिलाने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला केरामेल, प्लास्टिक ड्रम में भरी तैयार विदेशी शराब शामिल है।
इसके अलावा करीब 80 पेटियों में रॉयल स्टैग, रॉयल चैलेंज, रॉयल गोल्ड कप सहित अन्य ब्रांड नाम से बोतलबंद विदेशी शराब भी बरामद की गई है। बरामद शराब की कुल मात्रा का आंकलन किया जा रहा है।
उत्पाद विभाग की टीम, पूर्वी सिंहभूम द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, होली के दौरान अवैध शराब की आपूर्ति रोकने के लिए आगे भी लगातार छापेमारी अभियान जारी रहेगा।

