Jamshedpur : बिष्टुपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वाहन जांच अभियान के दौरान की गई।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक साकची से ऑटो के जरिए बिष्टुपुर होते हुए टाटानगर रेलवे स्टेशन की ओर जा रहा है और उसके पास अवैध हथियार मौजूद है। सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हो गई।
रीगल चौक पर चलाया गया वाहन जांच अभियान
पुलिस ने बिष्टुपुर स्थित रीगल चौक के पास विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध ऑटो को रोककर उसमें बैठे यात्रियों की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान एक युवक के बैग से एक अवैध पिस्टल और एक कारतूस बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में ले लिया।
सोनारी का रहने वाला है गिरफ्तार युवक
गिरफ्तार युवक की पहचान आकार गोरई है, जो सोनारी थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।
आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी), 26 और 35 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी हथियार लेकर कहां जा रहा था और इसके पीछे उसका क्या मकसद था।

