RANCHI : राजधानी में नगर निगम की सेवाओं को लोगों के और करीब लाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने की तैयारी है। शहर की मेयर रोशनी खलखो ने घोषणा की है कि नगर निगम के सभी 53 वार्डों में वार्ड कार्यालय खोले जाएंगे, जिससे आम लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए निगम मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ रांची द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मेयर रोशनी खलखो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस दौरान क्लब की महिला सदस्यों को सम्मानित किया गया और मेयर को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में मेयर ने शहर के विकास के लिए अगले पांच वर्षों की प्राथमिकताओं का खाका भी प्रस्तुत किया।
वार्ड स्तर पर समस्याओं का निपटारा
उन्होंने कहा कि वार्ड कार्यालय खुलने से स्थानीय स्तर पर ही कई प्रशासनिक और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों का निपटारा किया जा सकेगा। इससे लोगों को सुविधा मिलेगी और नगर निगम की कार्यप्रणाली भी अधिक प्रभावी बनेगी। उन्होंने बताया कि शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए डैम ब्रिज और डैम निर्माण, पार्कों का विकास तथा संकरी सड़कों का चौड़ीकरण जैसे कार्य प्राथमिकता में शामिल हैं। इसके साथ-साथ साफ-सफाई व्यवस्था, बिजली और अन्य नागरिक सुविधाओं को भी मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
कार्यक्रम में डॉ भावना तनेजा, कांता मोदी, रश्मि अग्रवाल, आस्था बहल, रितिका लखोटिया, रिचा, निशी जायसवाल, पायल सूद, जसबीर वासु, शिखा अग्रवाल, अंशु बहल, ऋतु अग्रवाल, अर्चना, आरना अग्रवाल और प्रीशा अग्रवाल समेत कई महिलाओं को सम्मानित किया गया। क्लब के अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने शहर के विकास कार्यों में सहयोग का भरोसा दिलाया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन राजीव मोदी ने दिया।

