RANCHI: कचहरी चौक में किन्नरों से मारपीट के बाद पुलिस एनकाउंटर में दायर क्रिमिनल रिट याचिका पर सोमवार को हाई कोर्ट में सुनवाई हुई। जिसमें फायरिंग मामले में नगड़ी निवासी इश्तियाक अंसारी के घायल होने के प्रकरण में कोर्ट ने शपथ पत्र दायर कर सरकार से जवाब मांगा है। वहीं इस मामले में अगली सुनवाई के लिए 28 अप्रैल तय की गई है।
रांची के कचहरी चौक पर किन्नरों के साथ मारपीट के बाद हुए विवाद और कथित पुलिस फायरिंग मामले ने तूल पकड़ा था। यह याचिका नगड़ी निवासी इश्तियाक अंसारी के भाई इरशाद अंसारी द्वारा दायर की गई है। याचिका में मांडर थाना क्षेत्र के बास्की गांव में हुई पुलिस फायरिंग को कथित फर्जी एनकाउंटर बताया गया है। कोर्ट से मांग की गई है कि मामले की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच के लिए अदालत की निगरानी में एसआईटी गठित की जाए तथा दोषी पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई हो। साथ ही घायल के इलाज का पूरा खर्च सरकार द्वारा वहन करने की भी मांग रखी गई है।
याचिका में गृह सचिव, डीजीपी, एसएसपी रांची समेत कई पुलिस अधिकारियों को प्रतिवादी बनाया गया है। इसमें डीएसपी प्रकाश सोय, डीएसपी दुसरू बान सिंह, कोतवाली इंस्पेक्टर रवि कुमार और हवलदार प्रमोद भगत के नाम शामिल हैं। याचिकाकर्ता का आरोप है कि कचहरी चौक पर किन्नरों और कुछ युवकों के बीच मारपीट हुई थी, जिसमें इश्तियाक और उसके साथी के साथ लूटपाट भी हुई। बाद में पुलिस ने पीछा कर मांडर में गोलीबारी की, जिसमें इश्तियाक गंभीर रूप से घायल हो गया था।
READ ALSO: RANCHI HEALTH NEWS: 190 आरोग्य दूतों को किया गया सम्मानित, सिविल सर्जन ने दिया इस बात पर जोर

