Ranchi : मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की लाखों महिलाओं को बड़ी राहत मिली है। मार्च महीने की सम्मान राशि सफलतापूर्वक लाभुकों के बैंक खातों में भेज दी गई है। जिला प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, कुल 3 लाख 89 हजार 296 महिलाओं को प्रति लाभुक 2500 रुपये की दर से आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से कुल 97 करोड़ 32 लाख 40 हजार रुपये की राशि ट्रांसफर की गई है।
यह पूरी प्रक्रिया डिजिटल और पारदर्शी तरीके से की गई, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि राशि सीधे लाभुकों तक पहुंचे और किसी तरह की गड़बड़ी की संभावना न रहे। प्रशासन ने समयबद्ध तरीके से भुगतान कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का उदाहरण पेश किया है। अगर प्रखंड और शहरी क्षेत्रों के अनुसार आंकड़ों पर नजर डालें, तो अनगड़ा, बेड़ो, मांडर, कांके, सिल्ली, ओरमांझी, रातू, नामकुम, नगड़ी समेत कई प्रखंडों में हजारों महिलाओं को इस योजना का लाभ मिला है। वहीं शहरी क्षेत्रों जैसे अरगोड़ा, बड़गाईं, हेहल और सदर में भी बड़ी संख्या में भुगतान किया गया है।
रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि सभी पात्र लाभुकों को समय पर और पारदर्शी तरीके से योजना का लाभ मिले। उन्होंने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि भुगतान प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की त्रुटि या विलंब न हो। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी लाभुक को राशि प्राप्त करने में समस्या आती है, तो उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
जनसुविधा के लिए जिला प्रशासन ने “अबुआ साथी” नाम से एक आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 9430328080 जारी किया है, जहां लाभुक अपनी शिकायत या समस्या दर्ज करा सकते हैं। प्रशासन का दावा है कि इस माध्यम से शिकायतों का तेजी से निपटारा किया जा रहा है। यह योजना न केवल महिलाओं को आर्थिक संबल दे रही है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।
Read also-Ramgarh Steel Plant Blast : झारखंड इस्पात प्लांट में फर्नेस ब्लास्ट, 9 मजदूर घायल, 5 की हालत नाजुक

