RANCHI: झारखंड में एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर उत्पन्न स्थिति पर राज्य के स्वास्थ्य व आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने सभी गैस एजेंसियों को फटकार लगाते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि लंबित डिलीवरी (बैकलॉग) को हर हाल में तत्काल समाप्त किया जाए। उन्होंने सवाल उठाया कि रांची, जमशेदपुर और धनबाद जैसे प्रमुख जिलों में इतनी बड़ी संख्या में लंबित डिलीवरी क्यों हैं, जो किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं।
10 दिन में गैस आपूर्ति हो सामान्य
उन्होंने स्पष्ट किया कि 7 से 10 दिनों के भीतर पूरे राज्य में गैस आपूर्ति की स्थिति सामान्य की जाए और सभी लंबित डिलीवरी का निपटारा किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही या ढिलाई बरतने वाले एजेंसियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने विशेष रूप से रांची, जमशेदपुर और धनबाद में जहां सबसे अधिक बैकलॉग है, वहां प्राथमिकता के आधार पर लंबित डिलीवरी तुरंत क्लियर करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को कहा कि एलपीजी की उपलब्धता, मांग और लंबित डिलीवरी की लगातार समीक्षा करें ताकि आपूर्ति श्रृंखला सुचारू बनी रहे।
जनता से पैनिक न करने की अपील
धार्मिक अनुष्ठान, शादी-विवाह जैसे महत्वपूर्ण अवसरों पर गैस की कोई कमी न होने का भरोसा भी मंत्री ने दिया। उन्होंने जनता से पैनिक न करने की अपील करते हुए कहा कि सभी को समय पर डोर-स्टेप डिलीवरी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क पर अवैध या अनियमित तरीके से सिलेंडर डिलीवरी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा गैस की कालाबाजारी और अनावश्यक स्टॉक करने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए।
एलपीजी सिलेंडर की कोई कमी नहीं
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य में एलपीजी सिलेंडर की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। समस्या केवल वितरण व्यवस्था में गड़बड़ी के कारण उत्पन्न हुई है, जिसे जल्द ही ठीक किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को मॉनिटरिंग सिस्टम को और मजबूत करने और हर जिले में नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कोई भी घर सिलेंडर से वंचित रहता है या सड़क पर अनियमित डिलीवरी देखी जाती है, तो संबंधित एजेंसियों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने दोहराया कि राज्य में गैस की किल्लत किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
READ ALSO: Ranchi Civil Court के समय में बदलाव, 13 अप्रैल से लागू होगा नया शेड्यूल

