RANCHI: नई दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस में एक यात्री का महंगा टैबलेट छूट गया था। इसके बाद पैसेंजर को इसे मिलने की उम्मीद नहीं के बराबर थी। लेकिन आरपीएफ ने उन्हें उनका टैबलेट सही सलामत लौटा दिया है। रेलवे सुरक्षा बल ने अपनी सतर्कता का परिचय देते हुए उसे सुरक्षित वापस लौटा दिया है। घटना 9 अप्रैल की है, जब ट्रेन संख्या 20408 में गढ़वा रोड से रांची तक एस्कॉर्टिंग ड्यूटी के दौरान आरपीएफ पोस्ट लोहरदगा की टीम तैनात थी। एएसआई एम. सिंह अपनी टीम के साथ कोच एच-2 में चेकिंग कर रहे थे, तभी एक यात्री शशांक सिंह ने सूचना दी कि एक बर्थ पर टैबलेट पड़ा हुआ है। टीम ने तुरंत कोच में मौजूद यात्रियों से पूछताछ की, लेकिन कोई भी उस टैबलेट का दावा करने सामने नहीं आया।
इसके बाद टीम ने टीटीई रंजन कनौजिया से संपर्क किया, जिससे पता चला कि संबंधित बर्थ पर यात्रा कर रही महिला यात्री डीटीओ स्टेशन पर उतर चुकी हैं। उपलब्ध जानकारी के आधार पर एएसआई एम. सिंह ने यात्री से संपर्क किया। यात्री आरती सिंह ने पुष्टि की कि वह जल्दबाजी में अपना एप्पल कंपनी का टैबलेट ट्रेन में ही भूल गई थीं। अगले दिन 10 अप्रैल को उनके भतीजे कुमार रंजन सिंह आरपीएफ पोस्ट लोहरदगा पहुंचे और जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत किए। सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद करीब 90,000 मूल्य का टैबलेट उन्हें सौंप दिया गया।

