Home » Koderma Murder : कोडरमा में जमीन विवाद में पीट कर युवक की हत्या

Koderma Murder : कोडरमा में जमीन विवाद में पीट कर युवक की हत्या

Koderma Murder : सुबह घर के पास कुंए में मिला शव, तहकीकात कर रही पुलिस

by Mujtaba Haider Rizvi
Koderma Murder: Youth Beaten to Death in Land Dispute
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Koderma : कोडरमा जिले के डोमचांच थाना अंतर्गत जौनपुर गांव में जमीन विवाद में एक युवक पंकज चौधरी की हत्या कर दी गई है। कुछ हथियारबंद लोगों ने उनके झोपड़ीनुमा घर पर धावा बोल कर उनके साथ मारपीट की और उसे घसीट कर बाहर ले गए। सुबह उनका शव कुंए में मिला। आशंका है कि हमलावरों ने उनकी हत्या कर शव कुंए में फेंक दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

मृतक पंकज चौधरी की उम्र 30 साल बताई जा रही है। बीते एक सप्ताह के भीतर जिले में हत्या की यह तीसरी घटना है। बताया गया कि रविवार की रात पंकज चौधरी अपने झोपड़ीनुमा घर में सो रहे थे। उनकी पत्नी और बच्चे पास के एक मकान की छत पर थे। देर रात पड़ोस के सुनील, अनिल, जीतन और उनके परिवार के अन्य सदस्य पंकज के घर पहुंचे। उन सबों ने पंकज के साथ मारपीट की और घर का सामान भी बर्बाद कर दिया। इसके बाद पंकज को पीटते हुए घर से बाहर ले गए, जिसके बाद वह लापता हो गया। सोमवार सुबह पंकज की पत्नी ने घटना की जानकारी पड़ोसियों को दी, जिसके बाद उसकी तलाश की जाने लगी। दिन के 12 बजे पंकज का शव घर से सटे एक कुएं से बरामद किया गया।

परिजनों का आरोप है कि सुनील, अनिल, जीतन और उनके परिवार के सदस्यों ने पंकज की हत्या कर दी और शव को कुएं में फेंक दिया। घटना की जानकारी पाकर डोमचांच थाना प्रभारी अभिमन्यु पड़िहार वहां पहुंचे और पंकज के शव को कुएं से बाहर निकलवाया। घटनास्थल पर जुटे ग्रामीणों ने आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। ग्रामीणों के अनुसार करीब 25 वर्ष पूर्व पंकज के पिता अर्जुन चौधरी के निधन के बाद पंकज की मां उसे अपने साथ लेकर रजौली (बिहार) अपने मायके चली गई थी।

इसके बाद वे लोग वहीं रहने लगे। विगत 6 माह पूर्व पंकज की मां का भी निधन हो गया। इसके बाद वह अपनी पत्नी और दो बच्चों को लेकर वापस जानपुर गांव रहने आ गया। गांव आने के बाद से ही उसके रिश्तेदारों का पंकज के साथ विवाद शुरू हो गया। वे लोग पंकज को जमीन पर मकान बनाने भी नहीं दे रहे थे, जिसके कारण उसे झोपड़ी में ही गुजर बसर करना पड़ रहा था।

इस मामले में थाना प्रभारी अभिमन्यु पड़िहार ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवेदन के आलोक में मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

Read Also: Koderma Murder : चालक हत्याकांड पर फूटा आक्रोश, चार घंटे जाम रहा रांची-पटना हाईवे

Related Articles

Leave a Comment