Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के किसानों के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि है कि यहां उत्पादित आमों की पहली अंतरराष्ट्रीय खेप लंदन (यूके) के लिए रवाना की गई। एग्रीकल्चर एंड प्रोसेस्ड फूड प्रोडक्ट्स एक्सपोर्ट डेवलपमेंट अथॉरिटी (एपीडा) के सहयोग से करीब डेढ़ टन आमों का निर्यात किया गया। सोमवार को उपायुक्त राजीव रंजन ने समाहरणालय परिसर से ट्रक को हरी झंडी दिखाकर नजदीकी पोर्ट के लिए रवाना किया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि जिले के किसानों द्वारा उगाए गए कृषि उत्पाद अब अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच रहे हैं, जो किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को नई दिशा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण उत्पादन, वैज्ञानिक खेती और निर्यात मानकों का पालन कर जिले के अन्य कृषि एवं बागवानी उत्पादों को भी वैश्विक बाजार तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार यह निर्यात एपीडा की सहायता से किए गए वाणिज्यिक प्रेषण के तहत संभव हुआ है। आमों का संग्रहण और आपूर्ति जिले के किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) के माध्यम से की गई। निर्यात के लिए चुने गए आमों की गुणवत्ता की जांच तथा पैकेजिंग निर्धारित मानकों के अनुरूप की गई।
इस पहल से जिले के आम उत्पादक किसानों को बेहतर मूल्य मिलने की संभावना बढ़ेगी। साथ ही किसानों को अंतरराष्ट्रीय बाजार की मांग के अनुरूप उत्पादन करने के लिए भी प्रोत्साहन मिलेगा। जिला प्रशासन ने भविष्य में भी कृषि और बागवानी उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहयोग देने की बात कही है।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, एपीडा के प्रतिनिधि, जेएसएलपीएस के डीपीएम, किसान उत्पादक संगठन के प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित अधिकारी और किसान उपस्थित थे।

