Jamshedpur : केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे मंगलवार को जमशेदपुर पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। भाजपा जमशेदपुर महानगर की ओर से उनके दौरे को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा जमशेदपुर महानगर द्वारा “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” विषय पर प्रबुद्धजन सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस सम्मेलन में केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे और विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजनों को संबोधित करेंगे।
बिष्टुपुर स्थित चैंबर भवन के पारीख सभागार में मंगलवार शाम 5:30 बजे आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और सुशासन के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होगी। सम्मेलन में जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।
भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रबुद्धजन सम्मेलन के माध्यम से इन उपलब्धियों को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में शहर के शिक्षाविदों, चिकित्सकों, उद्यमियों, अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और अन्य बुद्धिजीवियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।
संजीव सिन्हा ने बताया कि केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे के जमशेदपुर आगमन पर भाजपा कार्यकर्ता शाम 4:30 बजे टाटानगर रेलवे स्टेशन चौक पर उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद वे सीधे प्रबुद्धजन सम्मेलन में शामिल होंगे। भाजपा ने शहर के सभी प्रबुद्ध नागरिकों से सम्मेलन में भाग लेने की अपील की है।

