RANCHI: साइबर अपराधियों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं। अब वे आम लोगों के साथ-साथ पुलिसकर्मियों को भी निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला झारखंड उच्च न्यायालय में कार्यरत और जैप-4 बोकारो के हवलदार प्रेम सागर से जुड़ा है, जिनसे अपराधियों ने दोस्त बनकर कॉल कर 53,996 रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित प्रेम सागर जो गढ़वा के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि रात करीब 9:30 बजे उनके मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को उनका दोस्त बताते हुए कहा कि उनका एक साथी अस्पताल में भर्ती है और ऑपरेशन के लिए तुरंत 70 हजार रुपये की जरूरत है।
भरोसा जीतने के लिए आरोपी ने दोस्त की आवाज में ही बातचीत की। इसके बाद आरोपी ने एक नंबर पर पैसे भेजने को कहा। पहले 40 हजार रुपये ट्रांसफर करने को कहा गया, लेकिन तकनीकी कारण बताकर पीड़ित के परिचित के माध्यम से 50 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। वहीं, प्रेम सागर ने भी अलग-अलग किश्तों में 3,996 रुपये भेज दिए। इस तरह कुल 53,996.46 रुपये की ठगी कर ली गई। मामले में पीड़ित ने रांची साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

