Dhanbad : जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के डिगवाडीह 12 नंबर स्थित कांटाघर ओबी डंप से पुलिस ने सोमवार को खून से लथपथ एक व्यक्ति का शव बरामद किया। मृतक की पहचान 36 वर्षीय मो. शमीम उर्फ गुड्डू सेठ के रूप में की गई। वह जियलगोरा-16 नंबर खपड़ाधौड़ा का निवासी था।
बताया जाता है कि शमीम अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। मोहल्ले में किराना दुकान चलाता था। उसके परिवार में बुजुर्ग मां हसीना खातून, पत्नी तराना परवीन, दो बेटियां 13 वर्षीय शाहीन परवीन व 11 वर्षीय आयात परवीन और एक 9 वर्षीय पुत्र ताजुद्दीन हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शमीम स्वभाव से मिलनसार था, लेकिन उसे जुआ खेलने और शराब पीने की लत थी। वह अक्सर नुनुडीह स्थित परघाबाद तालाब के पास चलने वाले एक जुआ अड्डे पर जाता था। वहां रोज लाखों रुपये का लेन-देन होता था। जब भी वह जुआ खेलने जाता था, तो उसे उसकी दुकान का कर्मचारी सिद्धू उसे बाइक से डिगवाडीह रोड तक छोड़ देता था। वहां से अड्डे से जुड़े लोग उसे कार से ले जाते थे। रविवार की रात भी सिद्धू ने शमीम को डिगवाडीह तक छोड़ा था। आशंका जताई जा रही है कि शमीम ने उस रात जुए में मोटी रकम जीती होगी, जिसके बाद अपराधियों ने उसे घर छोड़ने के बहाने रास्ते में ही उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को ओबी डंप में फेंक दिया गया और उसके पास रखे पैसे व मोबाइल ले लिए।
अपराधियों ने पहचान छिपाने के लिए मृतक के चेहरे को पत्थर से बुरी तरह कुचल दिया था, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो सके।
घटना की सूचना मिलते ही जोड़ापोखर के थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि तीन दिनों के अंदर मामले का खुलासा कर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उनके आश्वासन के बाद परिजनों ने पोस्टमार्टम के उपरांत अंतिम संस्कार कर दिया।
Read Also: Dhanbad News : बीसीसीएल के जीएम ऑफिस के बाहर फायरिंग, तोड़फोड़

