Jamshedpur : शहर के विकास को नई रफ्तार देने वाली एक बड़ी परियोजना को हरी झंडी मिल गई है। मानगो के डिमना चौक के पास स्वर्णरेखा कॉलोनी की करीब 13 एकड़ जमीन पर ₹153.37 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक इंटर स्टेट बस टर्मिनल (आइएसबीटी) और हाईटेक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। राज्य कैबिनेट से इस महत्वाकांक्षी योजना को प्रशासनिक मंजूरी मिल चुकी है।
इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद जमशेदपुर को विश्वस्तरीय यात्री सुविधाओं और आधुनिक व्यापारिक केंद्र का लाभ मिलेगा, जिससे शहर की ट्रांसपोर्ट और आर्थिक गतिविधियों में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा परिसर
प्रस्तावित आइएसबीटी और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में यात्रियों और व्यापारियों की हर जरूरत को ध्यान में रखा गया है। यहां एक पांच मंजिला आधुनिक भवन बनाया जाएगा, जिसमें दो बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और तीन अतिरिक्त फ्लोर (G+3) शामिल होंगे।
परिसर की खासियत
- 50 बसों के लिए पार्किंग व्यवस्था
- 300 कार और 350 बाइक के लिए पार्किंग
- 23 बस-वे (Bus Bays)
- 18 टिकट काउंटर
- विशाल फूड कोर्ट
- एसी वेटिंग हॉल
- यात्रियों और चालकों के लिए अलग-अलग डॉर्मेट्री
जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी सुविधा का अनुभव मिलेगा।
पर्यावरण और स्वच्छता का भी ध्यान
परियोजना में आधुनिक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (डब्ल्यूटीपी) भी लगाए जाएंगे, जिससे परिसर स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल बना रहेगा।
जुडको को मिली जिम्मेदारी
इस बड़े प्रोजेक्ट को जमीन पर उतारने की जिम्मेदारी जुडको को सौंपी गई है, जबकि इसकी डिजाइन कर्नाटक की एक विशेषज्ञ एजेंसी ने तैयार की है। इसके साथ ही परिसर में जल संसाधन विभाग का क्षेत्रीय कार्यालय और गोदाम भी बनाया जाएगा।
शहर को मिलेगा नया पहचान
इस परियोजना के बनने से डिमना रोड और आसपास के इलाकों में व्यापारिक गतिविधियां बढ़ेंगी और ट्रैफिक व्यवस्था भी बेहतर होगी। यह प्रोजेक्ट जमशेदपुर को आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर की दिशा में एक नई पहचान देगा।

