पलामू। पलामू के नावाबाजार प्रखंड से पांडु प्रखंड के कजरु कला तक सड़क के लिए केंद्र सरकार ने 103 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। यह सड़क कभी नक्सल गतिविधि के लिए चर्चित रही है। अब यह विकास का माध्यम बनेगी।
पलामू के सांसद विष्णुदयाल राम ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलकर सड़क की महत्ता एवं उपयोगिता बताते हुए अपनी बात रखी थी। उनकी पहल पर भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने सेंट्रल रोड एंड इंफ्रास्ट्रक्चर फंड (सीआरआईएफ) से सड़क निर्माण को मंजूरी दे दी है।
सड़क के लिए लंबे समय से स्थानीय लोग कर रहे थे मांग
नावाबाजार प्रखंड के ग्राम बरहमोरिया मोड़ से पांडू प्रखंड के ग्राम कजरू कला रोड होते हुए दुर्गा माइंस रोड तक ₹103.608 करोड़ की लागत से 23.615 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण एवं निर्माण के लिए स्वीकृति मिली है।
इसकी हालत अत्यंत जर्जर होने के कारण आम लोगों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से स्थानीय लोग इसके निर्माण की मांग करते रहे हैं। सड़क बन जाने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।
कजरू कलां क्षेत्र में जाने के लिए अभी 60 से 65 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है रोड बनने के बाद या घटकर 40 से 45 किलोमीटर रह जाएगा। सड़क की स्वीकृति मिलने पर सांसद ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा सड़क परिवहन एवं राजमार्ग, मंत्रालय भारत सरकार के मंत्री नितिन गडकरी को धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया है।
Read Also: JSSC: सहायक आचार्य परीक्षा के मार्क्स नॉर्मलाइजेशन मामले में हाई कोर्ट ने जेएसएसी से मांगा जवाब

