हजारीबाग। जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र के कूद गांव में एक प्रेमी जोड़े ने अपनी जीवन लीला खत्म कर ली। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लेकिन अलग- अलग जाति से होने के कारण परिवार वाले इसे स्वीकारने को तैयार नहीं थे।
घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है,जबकि गांव और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है। मृतकों की पहचान कूद गांव निवासी 26 वर्षीय धीरज कुमार, पिता राजेंद्र गोप और हुरहुरू निवासी 24 वर्षीय जया कुमारी, पिता मोहन ठाकुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सामाजिक दबाव के कारण मानसिक तनाव में थे दोनों
जानकारी के अनुसार धीरज और जया के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। लेकिन दोनों के प्रेम के बीच जातीय बंधन आड़े आ रहा था। अलग-अलग जाति से होने के कारण परिवार इस रिश्ते के खिलाफ थे। पारिवारिक विरोध और सामाजिक दबाव के कारण दोनों मानसिक तनाव में थे। इसी बीच जया की शादी कहीं और तय कर दी गई थी और कुछ दिनों में विवाह होना था। आशंका जताई जा रही है कि इसी वजह से दोनों ने यह कठोर कदम उठाया।
बताया जाता है कि शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे जया दवा लाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान परिजन धीरज के घर पहुंचे। लेकिन वहां धीरज भी नहीं था। इससे दोनों परिवारों के बीच अनहोनी की आशंका सताने लगी।
एक ही घर में अचेत हालत में मिले युवक-युवती
दोनों परिवार के लोग एक साथ धीरज के नए घर पहुंचे, जहां दोनों अचेत अवस्था में मिले। आनन-फानन में दोनों को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने आत्महत्या की है। हालांकि, पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।
इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से थाना में आवेदन दिया गया है, लेकिन किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है। कटकमदाग थाना प्रभारी प्रमोद कुमार राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग और पारिवारिक दबाव से जुड़ा प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी। प्रेमी युगल की मौत से पूरे इलाके में गम और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

