Jamshedpur : सरयू राय को लेकर सोशल मीडिया पर किए गए एक लाइव प्रसारण के बाद जिले की सियासत गर्म हो गई है। इस मामले में जनता दल (यूनाइटेड) युवा मोर्चा के प्रदेश महासचिव पप्पू सिंह और जिलाध्यक्ष नीरज सिंह ने बिष्टुपुर स्थित साइबर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत में मानगो के सहारा सिटी निवासी गोपाल यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई है। आरोप है कि गोपाल यादव ने सोशल मीडिया लाइव के दौरान विधायक के खिलाफ झूठे और मनगढ़ंत भ्रष्टाचार के आरोप लगाए, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई।
जदयू नेताओं का कहना है कि 21 अप्रैल को प्रसारित इस लाइव वीडियो में बिना किसी ठोस प्रमाण के विधायक पर विकास कार्यों में भ्रष्टाचार जैसे गंभीर आरोप लगाए गए। उनके मुताबिक, इस तरह के बयान पूरी तरह भ्रामक और दुर्भावनापूर्ण हैं, जिनका उद्देश्य केवल राजनीतिक लाभ हासिल करना और आम जनता को गुमराह करना है।
नेताओं ने यह भी कहा कि ऐसी गतिविधियां न केवल एक जनप्रतिनिधि की प्रतीष्ठा को प्रभावित करती हैं, बल्कि शहर के सामाजिक माहौल पर भी नकारात्मक असर डालती हैं। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए आईटी एक्ट और भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की जाए।
इधर, साइबर थाना पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है और प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फेसबुक लाइव वीडियो की तकनीकी जांच कर तथ्यों की पुष्टि की जाएगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Read Also: Jamshedpur Suicide: जमशेदपुर में टाटा स्टील UISL के फागिंग मशीन संचालक ने फांसी लगाकर की खुदकुशी

