Ranchi : राज्य में नाबालिग लड़कियों की लगातार बढ़ती गुमशुदगी के मामलों को लेकर लोकभवन ने गंभीर चिंता जताई है। इस संबंध में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के निर्देश पर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई है।
राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ. नितिन मदन कुलकर्णी ने डीजीपी को पत्र भेजकर नाबालिग लड़कियों के लापता होने के मामलों पर तत्काल संज्ञान लेने को कहा है। पत्र में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि बीते कुछ दिनों में इस तरह के मामलों में लगातार वृद्धि देखी जा रही है, जो बेहद चिंताजनक है।
पत्र में यह भी कहा गया है कि कई मामलों में स्थानीय पुलिस द्वारा समय पर उचित कार्रवाई नहीं करने के कारण गंभीर और अप्रिय घटनाएं सामने आ रही हैं। इस पर राज्यपाल ने नाराजगी जताते हुए पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर खेद प्रकट किया है।
राज्यपाल ने निर्देश दिया है कि राज्य के सभी जिलों में गुमशुदगी के मामलों की विशेष समीक्षा की जाए और इनकी जांच प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरी की जाए। साथ ही जिलावार लंबित मामलों का अद्यतन विवरण तैयार कर लोकभवन को उपलब्ध कराने को कहा गया है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नाबालिग लड़कियों के साथ अपराध करने वालों में कानून का भय होना चाहिए। राज्य की हर बेटी की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यह सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है कि सभी लड़कियां सुरक्षित और निर्भय वातावरण में जीवन जी सकें।
गौरतलब है कि राज्यपाल को इस मुद्दे पर कई ज्ञापन भी प्राप्त हुए थे, जिसके बाद उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए डीजीपी से रिपोर्ट मांगी है।
Read Also: Jamshedpur Suicide: जमशेदपुर में टाटा स्टील UISL के फागिंग मशीन संचालक ने फांसी लगाकर की खुदकुशी

