रामगढ़। रामगढ़ पुलिस ने सरकारी नौकरियों में भर्ती के नाम पर ठगी करने वाला एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान रामगढ़ निवासी किशन केसरी के रूप में हुई है। उसे 23 अप्रैल 2026 को पुलिस ने हिरासत में लिया। मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिली विशेष सूचना के आधार पर पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई की।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी रामगढ़ कैंट क्षेत्र में विभिन्न सरकारी और सैन्य नौकरियों में भर्ती का झांसा देकर लोगों से पैसे वसूल रहा था। वह खुद को प्रभावशाली संपर्कों वाला बताकर बेरोजगार युवकों को नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाता था। इस झांसे में आकर कई लोगों ने उसे पैसे दिए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किशन केसरी ने 4-5 लोगों से एक लाख रुपये से अधिक की ठगी की है। जब पीड़ितों का चयन नहीं हुआ और उन लोगों ने आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की। इसके बाद उसने फोन उठाना बंद कर दिया और फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मिलिट्री इंटेलिजेंस ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल रामगढ़ पुलिस और मिलिट्री इंटेलिजेंस संयुक्त रूप से पूरे मामले की गहन जांच कर रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और ठगी का दायरा कितना बड़ा है।
Read Also : Palamu Accident: पत्नी का इलाज कराने बाइक से जा रहे थे दंपती; ट्रैक्टर के धक्के से पति की मौत, पत्नी गंभीर

