घाटशिला : सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्युनिस्ट) झारखंड राज्य कमेटी की ओर से पार्टी के 79वें स्थापना दिवस पर प्रदेश के लोगों की ज्वलंत समस्याओं एवं केंद्र सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ विशाल आमसभा मार्क्सवाद लेनिनबाद कामरेड शिवदास घोष अध्ययन केंद्र काशिदा में संपन्न हुई। इस मौके पर झारखंड राज्य के विभिन्न जिलों से पार्टी के हजारों कार्यकर्ता उपस्थित हुए थे।
सर्वप्रथम दिन के 12 बजे पार्टी के लाल झंडे का झंडोत्तोलन पार्टी के पोलित ब्यूरो सदस्य सोमेन बोस ने किया। मौके पर उपस्थित पार्टी की किशोर वाहिनी द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया । संगठन के झारखंड राज्य सचिव एवं पोलित ब्यूरो सदस्य रॉबिन समाजपति, पोलित ब्यूरो सदस्य स्वपन चटर्जी, घाटशिला अध्ययन केंद्र के प्रभारी मलय बोस ने कॉमरेड शिवदास घोष की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। संगठन की संगत मंडली द्वारा अंतर्राष्ट्रीय गीत एवं पार्टी के गीत की प्रस्तुति दी गई।
मुख्य वक्ता पार्टी के पोलित ब्यूरो सदस्य सोमेन बोस ने कहा कि आज एक तरफ सभी बड़ी-बड़ी पूंजीपति वर्ग की पार्टी टूट रही है ,वहीं दूसरी ओर इस देश की एकमात्र सही वामपंथी पार्टी एसयूसीआईसी पूरे देश में ताकत के साथ आम जनता का सपोर्ट लेकर आगे बढ़ रही है। आज चाहे वह केंद्र की बड़ी पार्टी हो या राज्य की क्षेत्रीय पार्टियां, जो बारी-बारी से सरकार में रही हैं-आम जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय जन विरोधी, शिक्षा विरोधी, किसान विरोधी ,मजदूर विरोधी कानून को लागू कर रही है।
महंगाई और बेरोजगारी आसमान छू रही है, नौकरी देने के बजाय सरकार सरकारी एवं प्राइवेट दोनों नौकरियां आम लोगों से छीन रही है। बगल की टाटा कंपनी के अंदर टाटा स्टील और टाटा मोटर्स के कर्मचारियों को जबरन वीआरएस देकर निकालने की साजिश चल रही है। आईटी सेक्टर में भी बड़े पैमाने पर युवाओं को नौकरी से बाहर कर रही है। किसी भी पार्टी के पास आम जनता की समस्याओं का समाधान नहीं है। सभा की अध्यक्षता रॉबिन समाजपति ने की। जबकि संचालन राज्य कमेटी के सचिव मंडल सदस्य सुमित राय ने किया।

