चाईबासा : झारखंड में पश्चिमी सिंहभूम जिला खनन कार्यालय के खान निरीक्षक द्वारा मंगलवार को देर रात चाईबासा शहरी सीमा क्षेत्र में अवैध उत्खनन, परिवहन व भंडारण के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान बिना चालान के बालू व ओवरलोड गिट्टी लदे दो वाहनों को जब्त किया गया।
खान निरीक्षक ने पोस्ट ऑफिस चौक पर जांच के दौरान बिना खनिज परिवहन चालान के बालू परिवहन कर रहे ट्रैक्टर, रजिस्ट्रेशन संख्या JH06S-1369 को जब्त किया।
ट्रैक्टर में लगभग 100 घनफीट अवैध बालू लोड था। इसके अलावा बस स्टैंड चौक पर लगभग 1200 घनफीट गिट्टी ओवरलोड डंपर (रजिस्ट्रेशन संख्या JH05EC-7705) को भी जब्त किया गया। खान निरीक्षक ने बताया कि डंपर चालक द्वारा प्रस्तुत परिवहन चालान में मात्रा केवल 500 सीएफटी दर्ज थी, जबकि वाहन में 1200 घनफीट गिट्टी लदी थी।
सदर थाना को सौंपे गए वाहन
जांच में ट्रैक्टर के पास कोई परिवहन चालान नहीं मिला। तदुपरांत जब्त दोनों वाहनों को झारखंड मिनरल रूल्स-2017 (संशोधित-2026) के तहत जुर्माना वसूली करने तक सुरक्षार्थ सदर थाना को सौंप दिया गया। खान निरीक्षक ने बताया कि जिला उपायुक्त के निर्देश पर अवैध खनन व परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। रात में भी औचक जांच कर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना वैध चालान व ओवरलोड परिवहन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। जिला खनन कार्यालय ने आम लोगों से भी अपील की है कि अवैध खनन या परिवहन की सूचना मिलने पर तुरंत विभाग को जानकारी दें।

