जमशेदपुर : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में गालुडीह पुलिस ने वाहन चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार युवक के खिलाफ झारखंड और ओडिशा के विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
ग्रामीण एसपी का क्या कहना है
ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने सोमवार को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गालुडीह थाना क्षेत्र में दर्ज वाहन चोरी मामले की जांच लगातार जारी थी। पुलिस को इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि पूछताछ में बिरसन मुण्डा ने वाहन चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 26 वर्ष बताई जा रही है। वह सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र के मुटुडा गांव का निवासी है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उसके खिलाफ खरसावां, ईचागढ़, कवाली और ओडिशा के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। ओडिशा पुलिस ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया था।
विंगर वैन चोरी मामले में हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, यह मामला 28 दिसंबर 2025 की रात करीब दो बजे चोरी हुई विंगर वैन से जुड़ा हुआ है। इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपितों मांझीया टुडू उर्फ प्रेम टुडू और सत्यवान कुम्भकार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। साथ ही चोरी की गई विंगर वैन भी बरामद कर ली गई थी। हालांकि इस मामले का एक अन्य आरोपी बिरसन मुण्डा फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा था।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने दबोचा आरोपी
वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी बिरसन मुण्डा सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र स्थित मुटुडा गांव में अपने घर पर छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर बिरसन मुण्डा उर्फ बिरसेन मुण्डा को गिरफ्तार कर लिया।
घर से बरामद हुईं तीन चोरी की बाइक
गिरफ्तारी के बाद आरोपी की निशानदेही पर उसके घर के आंगन से तीन चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गईं। इनमें एक स्प्लेंडर प्रो बाइक, एक लाल-काले रंग की टीवीएस अपाचे बाइक और एक सफेद-नीले रंग की होंडा डियो स्कूटी शामिल है। पुलिस जांच में पता चला कि टीवीएस अपाचे बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी। पुलिस ने वाहन का असली पंचिंग नंबर प्लेट भी बरामद कर लिया है।
ओडिशा में भी दर्ज हैं चोरी के मामले
जांच में यह सामने आया कि बरामद टीवीएस अपाचे बाइक की चोरी का मामला ओडिशा के मयूरभंज जिले के तिरिंग थाना में दर्ज है। वहीं होंडा डियो स्कूटी की चोरी को लेकर बहलदा थाना में मामला दर्ज पाया गया। इसके अलावा स्प्लेंडर बाइक के संबंध में गालुडीह थाना में पहले से सनहा दर्ज है। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह झारखंड और ओडिशा सीमा क्षेत्र में सक्रिय होकर वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।

