
चतरा : जिले के द्वारी रेलवे साइडिंग क्षेत्र में शनिवार दोपहर वर्चस्व को लेकर दो गुट आपस में भिड़ गए। हिंसक झड़प में 8 से 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने चतरा-हजारीबाग मुख्य मार्ग को इंदिरा मोड़ के पास जाम कर दिया। जाम गिद्धौर प्रमुख अनीता यादव की अगुवाई में किया गया।
घायलों में प्रमुख के पति उमेश यादव,सुरेश यादव और प्रभु यादव शामिल हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए सर्किल इंस्पेक्टर अनिल उरांव और गिद्धौर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
सड़क जाम की खबर मिलते ही भाजपा के जिला अध्यक्ष रामदेव सिंह भोक्ता और झामुमो के केंद्रीय नेता मनोज चंद्रा भी वहां पहुंचे। मनोज चंद्रा ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि हिंसा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पुलिस को दोषियों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
पहले भी दोनों पक्षों में हो चुका है तनाव
पत्थलगड़ा और गिद्धौर प्रखंड की सीमा पर स्थित द्वारी में शिवपुर-कठौतिया रेल लाइन के तहत एक रेलवे स्टेशन और साइडिंग बनाई गई है। इसका इस्तेमाल सीसीएल की मगध आम्रपाली खदान से कोयला लाने-ले जाने के लिए होना है। इसी साइडिंग पर अपना कब्जा जमाने के लिए दो गुट पिछले काफी समय से आमने-सामने थे। साइडिंग को चालू करने को लेकर पहले भी कई बार दोनों पक्षों में तनातनी और धमकियों का दौर चल चुका था।
पिछले दो-तीन दिनों में कोयला लदे करीब 5 हाईवा यहां पहुंचे थे। स्थानीय विस्थापितों और प्रभावित लोगों ने प्रशासन से साफ कह दिया था कि जब तक मुआवजे या रोजगार को लेकर बातचीत नहीं होती, तब तक काम शुरू नहीं होने दिया जाएगा। शनिवार को जैसे ही कुछ और हाईवा द्वारी बाजार के पास कोयला गिराने पहुंचे, दोनों पक्षों के लोग वहां जमा हो गए।
शुरुआत में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। एक पक्ष ने लाठी-डंडे, तलवार और अन्य हथियारों से हमला कर दिया। इसके बाद दोनों तरफ से जमकर पत्थरबाजी भी हुई, जिसमें कई लोग लहूलुहान हो गए।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप
गिद्धौर प्रमुख अनीता यादव ने स्थानीय पुलिस पर लापरवाही का बड़ा आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इलाके में तनाव की जानकारी गिद्धौर थाना को पहले ही दे दी गई थी। इसके बावजूद थाना प्रभारी मोहर्रम के जुलूस की सुरक्षा का बहाना बनाकर टालमटोल करते रहे, जिससे यह बड़ी घटना घट गई। फिलहाल पुलिस स्थिति को नियंत्रण में करने का प्रयास कर रही है।
Read Also: *West Singhbhum News: कराईकेला के नकटी गांव में 15 वर्षीय किशोरी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या*

