
चाईबासा : पोड़ाहाट वन प्रमंडल के आनंदपुर वन प्रक्षेत्र में जंगली हाथियों के उत्पात से प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिया गया। सभी प्रभावित ग्रामीण आनंदपुर जंगल से चक्रधरपुर पहुंचे थे। इसके बाद बुधवार को विधायक आवास पर आयोजित कार्यक्रम में उन्हें क्षतिपूर्ति राशि सौंपी गई।
मृतकों के आश्रितों को 3.80 लाख का चेक
विधायक जगत माझी के हाथों हाथियों के हमले में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के आश्रितों को 3.80 लाख रुपये का चेक दिया गया। प्रभावितों को पहले ही 20 हजार रुपये की तत्काल सहायता राशि दी जा चुकी थी। इसके अलावा जानमाल के नुकसान के साथ मकान और फसल क्षति के लिए भी मुआवजा प्रदान किया गया।आनंदपुर प्रखंड के 6 ग्रामीण संजय खलखो, जयवन जोजोवार, जीवनी उरांव, सिकंदर सुंडी, मनमसीह लुगुन और सलन लुगुन को यह सहायता मिली।
विधायक ने कहा, त्वरित कार्रवाई हुई
विधायक जगत माझी ने कहा कि क्षेत्र में जंगली हाथियों द्वारा किया गया नुकसान अत्यंत दुखद है। उन्होंने बताया कि उनके निर्देश पर वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कागजी प्रक्रिया पूरी की, ताकि प्रभावितों को जल्द से जल्द आर्थिक संबल मिल सके।
वन विभाग की कार्यशैली पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रभावित ग्रामीणों को मुआवजा तभी मिला जब वे आनंदपुर जंगल से चक्रधरपुर पहुंचे। इसको लेकर वन विभाग की कार्यशैली पर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। लोगों का आरोप है कि वन विभाग आनंदपुर रेंज में यह कार्यक्रम होना चाहिए,न कि इतनी दूर बुलाकर। आने में ग्रामीणों को परेशानीझेलनी पड़ी।
इस अवसर पर वनपाल देशमुख तियू, संतोष मरांडी, आनंदपुर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सिल्बीरयुस तिर्की, सचिव राजू सिंह, संजीव गंताइत, आशीष गंताइत सहित वन विभाग के कर्मचारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

