Jamshedpur : जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र स्थित सुभाष नगर में बंद घर को निशाना बनाकर चोरों ने नकदी और जेवरात समेत करीब चार लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस समय हुई जब घर के मालिक शिव शंकर दास अपने भाई के क्रिया कर्म में शामिल होने परिवार के साथ बाहर गए हुए थे।
गुरुवार को जब शिव शंकर दास वापस घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि चोर घर से नकदी, सोने के जेवरात और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए हैं।
घटना की सूचना तत्काल गोविंदपुर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
घटना की जानकारी मिलने पर गोविंदपुर के जिला परिषद सदस्य परितोष सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द मामले का खुलासा करने और चोरी में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

