RANCHI: सिविल सर्जन कार्यालय में शुक्रवार को एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम और आधार इनेबल्ड बायोमीट्रिक अटेंडेंस सिस्टम पोर्टल के सफल संचालन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने की। इसमें जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह, क्षेत्रीय समन्वयक श्वेता वर्मा, यूनिसेफ की प्रतिनिधि अन्नपूर्णा, एविडेंस एक्शन से नीरज सहित जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक और संबंधित कर्मी शामिल हुए।
बैठक का मुख्य उद्देश्य एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम के तहत संचालित गतिविधियों की समीक्षा, प्रगति का आकलन और आगामी कार्ययोजना को मजबूत बनाना था। इस दौरान कर्मचारियों की उपस्थिति और विवरण को पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि पोर्टल पर नियमित अपडेट से वेतन भुगतान और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।
सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने जिले में एनीमिया नियंत्रण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी स्वास्थ्य कर्मियों को एचएमआईएस पर समय पर डाटा अपलोड करने, ताकि डैशबोर्ड पर जानकारी समय से प्रदर्शित हो सके और आरआई माइक्रोप्लान जल्द जमा करने का निर्देश दिया गया।

